रूस में बड़ा विमान हादसा! 50 यात्रियों के साथ रडार से अचानक गायब हुआ प्लेन

मॉस्को। रूस में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। अंगारा एयरलाइंस का एक यात्री विमान उड़ान भरने के कुछ देर बाद रडार से अचानक गायब हो गया। विमान में कुल 50 लोग सवार थे, जिनमें 43 यात्री और 6 क्रू मेंबर शामिल हैं। यात्रियों में 5 बच्चे भी बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद मॉस्को समेत पूरे रूस में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि यह विमान इरकुत्स्क शहर से उड़ान भरकर याकूत्स्क जा रहा था। लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया। इसके बाद विमान से लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन सभी प्रयास विफल रहे।
सर्च ऑपरेशन में जुटा आपातकालीन मंत्रालय
रूसी आपातकालीन मंत्रालय ने लापता विमान की खोज के लिए व्यापक सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। राहत एवं बचाव दलों के साथ-साथ हेलीकॉप्टर और ड्रोन की मदद से विमान की तलाश की जा रही है। हालांकि खराब मौसम और कठिन भूगोल के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
दुर्घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं
सरकारी अधिकारियों ने अब तक यह पुष्टि नहीं की है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है या किसी आपात स्थिति में लैंडिंग की है। स्थानीय गवर्नर वासिली ऑरलोव ने बताया कि उन्हें प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान अमूर क्षेत्र के टिंडा शहर की ओर बढ़ रहा था, तभी रडार से गायब हो गया।
यह विमान साइबेरिया स्थित अंगारा एयरलाइंस द्वारा संचालित किया जा रहा था और इसका रूट चीन सीमा के करीब अमूर क्षेत्र में पड़ता है। विमान की लोकेशन ट्रैकिंग पर भी कोई सिग्नल नहीं मिल पा रहा है, जिससे चिंताएं और बढ़ गई हैं।
पूरे रूस की निगाहें सर्च ऑपरेशन पर
इस हादसे के बाद रूस में लोगों की निगाहें सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिक गई हैं। लापता यात्रियों के परिजनों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। अधिकारी जल्द से जल्द स्थिति साफ करने की कोशिश कर रहे हैं।