देश

लाल किला विस्फोट पर पीएम मोदी की संवेदना, गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे घायलों का हाल जानने

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक भीषण विस्फोट से दहल उठी। करीब शाम 6:30 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी कई अन्य गाड़ियां भी आग की लपटों में घिर गईं। मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच दमकल विभाग की आठ गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

एलएनजेपी अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है, जबकि कई घायल हैं। घायलों का इलाज जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक, दी जांच के निर्देश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “दिल्ली धमाके में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
प्रधानमंत्री ने जांच एजेंसियों को मामले की संपूर्ण जांच कर सच्चाई सामने लाने के निर्देश दिए हैं।

गृहमंत्री अमित शाह अस्पताल पहुंचे, घायलों से की मुलाकात

धमाके की खबर मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों और अधिकारियों से उपचार की स्थिति जानी और निर्देश दिया कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। अमित शाह ने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

विपक्ष ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना के बाद विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि “सुबह फरीदाबाद में हथियार बरामद हुए थे — क्या सरकार किसी हादसे का इंतजार कर रही थी?”
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि “लाल किला क्षेत्र दिल्ली के सबसे सुरक्षित इलाकों में गिना जाता है, फिर भी ऐसा धमाका चिंता का विषय है। सरकार को जवाब देना चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।”

पूर्व डीजीपी का बयान — “संभावित आतंकी साजिश से इनकार नहीं”

पूर्व डीजीपी ए.के. जैन ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार यह घटना किसी आतंकी हमले या ईंधन विस्फोट का परिणाम हो सकती है। “फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि कार में कौन-सा विस्फोटक इस्तेमाल किया गया। फिलहाल सभी राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।”

जांच एजेंसियां सक्रिय, देशभर में बढ़ी चौकसी

एनआईए, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीमें घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही हैं। आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। सुरक्षा कारणों से दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा और गुजरात में भी पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है।

 

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button