
दुर्ग। छावनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक लॉज में संचालित देह व्यापार का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को 9 फरवरी को सूचना मिली थी कि छावनी इलाके स्थित एक लॉज में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ग्राहक बनाकर दबिश दी। जांच के दौरान सामने आया कि लॉज संचालक और रिसेप्शन से जुड़े लोग दलाल के माध्यम से युवतियां उपलब्ध करा रहे थे।
मौके से पुलिस ने दो मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनेश रॉय (56 वर्ष) और सीता चौधरी (25 वर्ष) के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 4 और 7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





