बिलासपुर

LIC में फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्रों से 25 लाख की ठगी, तीन एजेंट समेत सात पर FIR

बिलासपुर। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है, जिसमें फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्रों के जरिए लाखों रुपये के डेथ क्लेम निकाले गए। यह घोटाला एजेंटों और पॉलिसीधारकों की मिलीभगत से अंजाम दिया गया, जिसमें मृत घोषित किए गए लोगों के नाम पर न केवल क्लेम लिया गया, बल्कि बाद में उन्हीं नामों से दोबारा पॉलिसियां भी जारी करवा ली गईं।

25 लाख से अधिक की धोखाधड़ी उजागर

अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, इस फर्जीवाड़े में 25 लाख रुपये से अधिक की राशि गलत तरीके से डेथ क्लेम के रूप में ली गई। एलआईसी की आंतरिक जांच में जब मृत घोषित व्यक्तियों के नाम से नई पॉलिसियों की जानकारी मिली, तब मामले की गंभीरता सामने आई।

LIC की रिपोर्ट पर FIR, सात के खिलाफ मामला दर्ज

एलआईसी प्रबंधन की शिकायत पर सिविल लाइन थाना, बिलासपुर पुलिस ने तीन एजेंट—नरेश अग्रवाल, राजेश कुमार शर्मा और राशि सलूजा, और चार पॉलिसीधारकों—नंद कुमार साहू, ज्ञानेश्वरी पांडेय, संदीप पांडेय और मंजरी पांडेय के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है।

कैसे हुआ फर्जीवाड़ा:

मस्तूरी की संतोषी साहू को दो बार मृत दिखाया गया। पहले 10 दिसंबर 2022 को और फिर 1 जनवरी 2023 को, दोनों बार 6-6 लाख रुपये का क्लेम लिया गया।

जरहाभाठा निवासी ममता पांडेय की पॉलिसी पर उनकी मां ने क्लेम लिया, फिर ममता के नाम पर तीन नई पॉलिसियां जारी कर दी गईं।

कस्तूरबा नगर के बबला पांडेय को 2023 में मृत घोषित कर 5.4 लाख का क्लेम लिया गया, जबकि उनके नाम की नई पॉलिसी 2022 में जारी हो चुकी थी और उसमें 2024 तक प्रीमियम भी जमा हुआ।

LIC की दो शाखाओं में चला खेल

फर्जीवाड़ा मगरपारा और व्यापार विहार शाखा के एजेंटों द्वारा किया गया। नरेश अग्रवाल ने मृत दिखाकर क्लेम दिलवाया, वहीं राजेश शर्मा ने उन्हीं नामों से व्यापार विहार ब्रांच से नई पॉलिसियां जारी कराईं। राशि सलूजा ने मृत व्यक्ति की ओर से प्रीमियम भी जमा करवाया।

जांच जारी, और खुलासे संभव

पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और संभावना जताई जा रही है कि आगे और कई ऐसे फर्जी क्लेम के मामले उजागर हो सकते हैं। एलआईसी प्रबंधन ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया को और सख्त करने का निर्णय लिया है।

चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।
Back to top button