बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) के एनएसएस कैंप में जबरन नमाज पढ़वाने के गंभीर मामले में अब बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह ने स्वयं कोनी थाना पहुंचकर पूरे मामले की जांच रिपोर्ट का अवलोकन किया और तत्परता दिखाते हुए एनएसएस प्रभारी प्रोफेसर दिलीप झा समेत अन्य कार्यक्रम अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि 26 मार्च से 1 अप्रैल 2025 तक विश्वविद्यालय में आयोजित एनएसएस कैंप में कुल 159 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था, जिनमें केवल 4 छात्र मुस्लिम समुदाय से थे। आरोप है कि 30 मार्च को ईद के अवसर पर छात्रों से जबरन नमाज पढ़वाई गई थी। इस घटना के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और विभिन्न हिंदू संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया था।

घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए एनएसएस समन्वयक प्रो. दिलीप झा को पद से हटा दिया और उनकी जगह प्रोफेसर राजेंद्र कुमार मेहता को नया समन्वयक नियुक्त किया गया। साथ ही, 12 कार्यक्रम अधिकारियों को भी उनके पदों से हटाया गया था।

अब पुलिस ने भी इस मामले में सख्ती दिखाते हुए आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से विश्वविद्यालय परिसर में हलचल तेज हो गई है और मामले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।