बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। यह धमकी हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर एक ईमेल के माध्यम से मिली, जिसमें कोर्ट परिसर में अमोनियम सल्फर आधारित आईईडी बम लगाने की बात कही गई थी। धमकी के बाद पुलिस, खुफिया एजेंसियां, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड अलर्ट पर आ गए और तुरंत सुरक्षा जांच शुरू की गई।

धमकी भरा ईमेल ‘मद्रास टाइगर्स फॉर अजमल कसाब’ नामक संगठन के नाम से भेजा गया था, जिसमें इसे एक “पवित्र मिशन” बताते हुए संवेदनशील मुद्दों का हवाला दिया गया। मेल में अजमल कसाब को फांसी देने और अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए बदले की बात लिखी गई थी। ईमेल आईडी abdia@outlook.com से भेजे गए इस संदेश ने हाईकोर्ट प्रशासन को सकते में डाल दिया।

धमकी की जानकारी मिलते ही कोर्ट परिसर को खाली कराया गया। उस समय समर वेकेशन के बाद कोर्ट का पहला कार्यदिवस था, जिसमें न्यायाधीशों के साथ बड़ी संख्या में वकील और पक्षकार मौजूद थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया और जांच अभियान शुरू किया गया।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। अब तक की जांच में किसी प्रकार का विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल और तकनीकी टीम के माध्यम से ईमेल की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

Spread the love
Avatar photo

By चतुर मूर्ति वर्मा, बलौदाबाजार

CMExpress24: एक हिंदी न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन और क्षेत्रीय खबरों पर सटीक और ताज़ा जानकारी प्रदान करता है। यह पोर्टल निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ पाठकों तक विश्वसनीय खबरें पहुँचाने के लिए समर्पित है। अनुभवी टीम द्वारा तैयार की गई खबरें सत्यता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखती हैं। CMExpress24 पर आपको हर विषय पर अद्यतन और गहराई से परखी गई जानकारी मिलेगी।